20 मार्च 2025
टूर मैनेजर Rebecca Travis के साथ सवाल-जवाब
Rebecca Travis का परिचय
मैं 1999 से कई कलाकारों के साथ असिस्टेंट टूर मैनेजर और प्रोडक्शन कोऑर्डिनेटर जैसी भूमिकाओं में टूर कर रही हूँ, और 2005 में टूर मैनेजर बन गई। मैंने हाल ही में टूर मैनेजर के रूप में जिन कलाकारों के साथ काम किया है उनमें James Blake, Paolo Nutini, Chvrches, Ellie Goulding, Florence + The Machine, Arcade Fire और Basement Jaxx शामिल हैं।
फ़ोटो क्रेडिट : Hans-Peter van Velthoven
आप क्रू, बैंड और अन्य कर्मचारियों सहित पूरी टूरिंग टीम के अंदर सकारात्मक और सहयोगपूर्ण माहौल कैसे बनाए रखती हैं?
एक टीम बनाना और उसे प्रेरित करना टूर मैनेजर के काम का एक अहम हिस्सा है — एक ख़ुशहाल और प्रेरित टीम का होना बहुत महत्वपूर्ण है। एक दोस्ताना और सौहार्दपूर्ण माहौल महत्वपूर्ण होता है — यह सुनिश्चित करना कि हर कोई मिलकर कुछ ऐसा विशेष बनाने पर काम कर रहा है जिसका हम सभी आनंद ले सकें और जिस पर हम सभी गर्व कर सकें। यह एहसास दरअसल कलाकार की ओर से भी आना चाहिए — अपनी टीम के प्रति आभार व्यक्त करना उनके लिए सबसे प्रेरणादायक चीज़ हो सकती है। हर किसी को सराहना मिलना अच्छा लगता है!
अपना पहला टूर शुरू करने जा रहे किसी कलाकार के लिए आपकी क्या सलाह है?
सबसे पहले, अक्सर टूर की शुरुआत में हम जो आदतें बनाते हैं, वही आदतें हम पूरे टूर के दौरान जारी रखते हैं। अपने खाने और एक्सरसाइज़ का पहले से ही प्लान बना लेना एक अच्छा आइडिया है। पैदल चलने/दौड़नें जाएँ, योगाभ्यास या स्पिन क्लास के लिए स्थानीय जगहें देखें, या अगर आपको साइकिल चलाना पसंद है तो एक फ़ोल्डिंग साइकिल साथ ले जाएँ।
कौन-सी चीज़ें, रूटीन और सुझाव कलाकारों को टूर के दौरान ऊर्जावान और उत्साहित रहने में मदद करते हैं?
मैं अब कुछ बुज़ुर्ग कलाकारों के साथ काम करती हूँ और यह स्पष्ट है कि जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, हमें एहसास होता है कि हमें अपना बेहतर ख़याल रखना होता है — न केवल घर पर बल्कि टूर के दौरान भी — क्योंकि सफ़र और काम के घंटे हम पर अपना असर छोड़ते हैं। लोगों की अलग-अलग स्ट्रैटेजी होती हैं, लेकिन मुख्य हैं नींद, आहार और व्यायाम। इसलिए हम जब संभव हो इन चीज़ों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का प्रयास करते हैं। होटलों में जिम होना महत्वपूर्ण है, बस से रात भर की यात्रा करते समय नींद पूरी करने के लिए डे रूम एक अच्छी चीज़ है, और हम कोशिश करते हैं कि वेन्यू से ब्रेक लेने की और जितना संभव हो उतना अच्छा खाना ढूँढने का प्रयास करते हैं।
पिछले कुछ वर्षों में टूरिंग के मामले में क्या आसान और क्या चुनौतीपूर्ण हो गया है?
मैं कहूँगी कि कम्यूनिकेशन पहले से कहीं ज़्यादा आसान हो गया है — हमारे पास अब टूर की और सामान्य जानकारी शेयर करने को आसान बनाने के लिए बहुत सारे टूल मौजूद हैं। टूरिंग ऐप्स और मैसेजिंग ऐप्स ने चीज़ों को पहले के मुक़ाबले काफ़ी आसान बना दिया है! मेरे ख़याल से आजकल सबसे बड़ी चुनौती बजट बनाना और, ख़ासकर, छोटे टूरों का ख़र्चा बैलेंस करना होते हैं। पिछले कुछ वर्षों में (कोविड के बाद) होटलों, फ़्लाइट्स और ईंधन की क़ीमत काफ़ी बढ़ गई है और इसका मतलब है कि फ़ाइनैन्स मैनेज करना पहले के मुक़ाबले ज़्यादा मुश्किल हो गया है।
आप अपनी भूमिका में लंबे टूर्स के दौरान कलाकारों की थकान या तनाव को कैसे संभालती हैं?
आम तौर पर टूर मैनेजरों को एक फ़ाइनल शेड्यूल दिया जाता है और अक्सर उन्हें इस बात में कोई दखल नहीं होता कि आगे क्या होगा, लेकिन जो प्लान बनाया गया है उसे प्रबंधित करना हमारा काम है। कलाकार के लिए कुछ ख़ाली समय सुनिश्चित करने के लिए मैनेजमेंट के साथ बात करना महत्वपूर्ण है। शेड्यूल और बजट के अनुकूल, सफ़र को जितना हो सके उतना आरामदायक बनाना — सुबह बिस्तर पर कुछ अतिरिक्त घंटे बिताने से बहुत फ़रक़ पड़ सकता है, और एयरप्लेन पर ज़्यादा आरामदायक सीट से भी।
कलाकार अपने टूर से पहले, दौरान और बाद में अपने मानसिक स्वास्थ्य का ख़याल कैसे रख सकते हैं?
टूर के दौरान जितना हो सके आराम करने की कोशिश करना ज़रूरी है। होटलों में अकेले समय बिताना अच्छा होता है, इससे कुछ शांति और आराम मिलता है। किसी भी टूर में बहुत कम छुट्टियाँ मिलती हैं — ज़्यादातर लोग सफ़र के दिनों और ख़ाली शामों का भरपूर फ़ायदा उठाते हैं, अच्छा खाना खाते हैं, जिस शहर में हैं उसे घूमने निकलते हैं और बस या हवाईजहाज़ के बजाय किसी आरामदायक जगह पर रात की अच्छी नींद लेते हैं। सामान्य तौर पर, कुछ कसरत करना — वेन्यू से ब्रेक लेना और टहलना और ताज़ी हवा लेना फ़ायदेमंद हो सकता है। यदि लोगों के पास समय हो तो हम कभी-कभी किसी वेन्यू पर मसाज थेरेपिस्ट भी बुक कर देते हैं। मैं ऐसे टूर पर भी गई हूँ जहाँ कलाकार ने हर शो के दिन एक योग शिक्षक की व्यवस्था करने को कहा, ताकि जिसके पास भी समय हो वह इसमें शामिल हो सके। “टूर से पहले और बाद में, नींद बहुत ज़रूरी है — टूर से पहले पर्याप्त आराम करें और टूर के बाद कुछ समय निकालकर आराम करके तरोताज़ा हो जाएँ और सामान्य जीवन में वापस लौटें।”
आप व्यक्तिगत रूप से किसी टूर की सफलता को कैसे मापती हैं और अगले टूर की तैयारी के लिए आप क्या करती हैं?
कई मापदंड हैं — क्या शो देखने के लिए बहुत सारे लोग आए? क्या हम कलाकार के लिए पैसे कमा पाए? क्या कलाकार को यह पसंद आया? क्या बैंड और क्रू को यह पसंद आया? ये सभी कारक इसमें शामिल होते हैं, लेकिन अगर इन सब चीज़ों में किसी तरह का संतुलन बना रहता है और बैंड और क्रू के सदस्य इसके ख़त्म होने पर दुखी होते हैं, तो यह एक अच्छा सफ़र साबित होता है! आदर्श रूप से, टूर के अंत में इसे समेटने, आराम करने और अगले टूर की तैयारी करने के लिए समय होना चाहिए। यह आदर्श स्थिति है, लेकिन वास्तविकता में आमतौर पर लोग सीधे अगले प्रोजेक्ट पर लग जाते हैं!